महिला आंदोलन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
महिला आंदोलन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

01 अक्टूबर 2017

हमारा अपना महिषासुर


गौरी लंकेश
एक दैत्य अथवा महान उदार द्रविड़ शासक, जिसने अपने लोगों की लुटेरे-हत्यारे आर्यो से रक्षा की।
महिषासुर ऐसे व्यक्तित्व का नाम है, जो सहज ही अपनी ओर लोगों को खींच लेता है। उन्हीं के नाम पर मैसूर नाम पड़ा है। यद्यपि कि हिंदू मिथक उन्हें दैत्य के रूप में चित्रित करते हैं, चामुंड़ी द्वारा उनकी हत्या को जायज ठहराते हैं, लेकिन लोकगाथाएं इसके बिल्कुल भिन्न कहानी कहती हैं। यहां तक कि बी. आर. आंबेडकर और जोती राव फूले जैसे क्रांतिकारी चिन्तक भी महिषासुर को एक महान उदार द्रविडियन शासक के रूप में देखते हैं, जिसने लुटेरे-हत्यारे आर्यों (सुरों) से अपने लोगों की रक्षा की।
इतिहासकार विजय महेश कहते हैं कि ‘माही’ शब्द का अर्थ एक ऐसा व्यक्ति होता है, जो दुनिया में ‘शांति कायम करे। अधिकांश देशज राजाओं की तरह महिषासुर न केवल विद्वान और शक्तिशाली राजा थे, बल्कि उनके पास 177 बुद्धिमान सलाहकार थे। उनका राज्य प्राकृतिक संसाधनों से भरभूर था। उनके राज्य में होम या यज्ञ जैसे विध्वंसक धार्मिक अनुष्ठानों के लिए कोई जगह नहीं थी। कोई भी अपने भोजन, आनंद या धार्मिक अनुष्ठान के लिए मनमाने तरीके से अंधाधुंध जानवरों को मार नहीं सकता था। सबसे बड़ी बात यह थी कि उनके राज्य में किसी को भी निकम्मे तरीके से जीवन काटने की इजाजत नहीं थी। उनके राज्य में मनमाने तरीके से कोई पेड़ नहीं काट सकता था। पेडों को काटने से रोकने के लिए उन्होंने बहुत सारे लोगों को नियुक्त कर रखा था।
विजय दावा करते हैं कि महिषासुर के लोग धातु की ढलाई की तकनीक के विशेषज्ञ थे। इसी तरह की राय एक अन्य इतिहासकार एम.एल. शेंदज प्रकट करती हैं, उनका कहना है कि “इतिहासकार विंसेन्ट ए स्मिथ अपने इतिहास ग्रंथ में कहते हैं कि भारत में ताम्र-युग और प्राग ऐतिहासिक कांस्य युग में औजारों का प्रयोग होता था। महिषासुर के समय में पूरे देश से लोग, उनके राज्य में हथियार खरीदने आते थे। ये हथियार बहुत उच्च गुणवत्ता की धातुओं से बने होते थे। लोककथाओं के अनुसार महिषासुर विभिन्न वनस्पतियों और पेड़ों के औषधि गुणों को जानते थे और वे व्यक्तिगत तौर पर इसका इस्तेमाल अपने लोगों की स्वास्थ्य के लिए करते थे।
क्यों और कैसे इतने अच्छे और शानदार राजा को खलनायक बना दिया गया? इस संदर्भ में सबल्टर्न संस्कृति के लेखक और शोधकर्ता योगेश मास्टर कहते हैं कि “इस बात को समझने के लिए सुरों और असुरों की संस्कृतियों के बीच के संघर्ष को समझना पडेगा”। वे कहते हैं कि “ जैसा कि हर कोई जानता है कि असुरों के महिषा राज्य में बहुत भारी संख्या में भैंसे थीं। आर्यों की चामुंडी का संबंध उस संस्कृति से था, जिसका मूल धन गाएं थीं। जब इन दो संस्कृतियों में संघर्ष हुआ, तो महिषासुर की पराजय हुई और उनके लोगों को इस क्षेत्र से भगा दिया गया”।
कर्नाटक में न केवल महिषासुर का शासन था, बल्कि इस राज्य में अन्य अनेक असुर शासक भी थे। इसकी व्याख्या करते हुए विजय कहते हैं कि “1926 में मैसूर विश्वविद्यालय ने इंडियन इकोनामिक कांफ्रेंस के लिए एक पुस्तिका प्रकाशित की थी, जिसमें कहा गया था कि कर्नाटक राज्य में असुर मुखिया लोगों के बहुत सारे गढ़ थे। उदाहरण के लिए गुहासुर अपनी राजधानी हरिहर पर राज्य करते थे। हिडिम्बासुर चित्रदुर्ग और उसके आसपास के क्षेत्रों पर शासन करते थे। बकासुर रामानगर के राजा थे। यह तो सबको पता है कि महिषासुर मैसूर के राजा थे। यह सारे तथ्य यह बताते हैं कि आर्यों के आगमन से पहले इस परे क्षेत्र पर देशज असुरों का राज था। आर्यों ने उनके राज्य पर कब्जा कर लिया”।
मैसूर में महिषासुर दिवस पर सेमिनार, जिसमें लेखकों ने उन्हें बौद्ध राजा बताया ओर उनके अपमान का विरोध किया
आंबेडकर ने भी ब्राह्मणवादी मिथकों के इस चित्रण का पुरजोर खण्डन किया है कि असुर दैत्य थे। आंबेडकर ने अपने एक निबंध में इस बात पर जोर देते हैं कि “महाभारत और रामायण में असुरों को इस प्रकार चित्रित करना पूरी तरह गलत है कि वे मानव-समाज के सदस्य नहीं थे। असुर मानव समाज के ही सदस्य थे”। आंबेडकर ब्राह्मणों का इस बात के लिए उपहास उड़ाते हैं कि उन्होंने अपने देवताओं को दयनीय कायरों के एक समूह के रूप में प्रस्तुत किया है। वे कहते हैं कि हिंदुओं के सारे मिथक यही बताते हैं कि असुरों की हत्या विष्णु या शिव द्वारा नहीं की गई है, बल्कि देवियों ने किया है। यदि दुर्गा (या कर्नाटक के संदर्भ में चामुंडी) ने महिषासुर की हत्या की, तो काली ने नरकासुर को मारा। जबकि शुंब और निशुंब असुर भाईयों की हत्या दुर्गा के हाथों हुई। वाणासुर को कन्याकुमारी ने मारा। एक अन्य असुर रक्तबीज की हत्या देवी शक्ति ने की। आंबेडकर तिरस्कार के साथ कहते हैं कि “ऐसा लगता है कि भगवान लोग असुरों के हाथों से अपनी रक्षा खुद नहीं कर सकते थे, तो उन्होंने अपनी पत्नियों को, अपने आप को बचाने के लिए भेज दिया”।
आखिर क्या कारण था कि सुरों (देवताओं) ने हमेशा अपनी महिलाओं को असुरों राजाओं की हत्या करने के लिए भेजा। इसके कारणों की व्याख्या करते हुए विजय बताते हैं कि “देवता यह अच्छी तरह जानते थे कि असुर राजा कभी भी महिलाओं के खिलाफ अपने हथियार नहीं उठायेंगे। इनमें से अधिकांश महिलाओं ने असुर राजाओं की हत्या कपटपूर्ण तरीके से की है। अपने शर्म को छिपाने के लिए भगवानों की इन हत्यारी बीवियों के दस हाथों, अदभुत हथियारों इत्यादि की कहानी गढ़ी गई। नाटक-नौटंकी के लिए अच्छी, लेकिन अंसभव सी लगने वाली इन कहानियों, से हट कर हम इस सच्चाई को देख सकते हैं कि कैसे ब्राह्मणवादी वर्ग ने देशज लोगों के इतिहास को तोड़ा मरोड़ा। इतिहास को इस प्रकार तोड़ने मरोड़ने का उनका उद्देश्य अपने स्वार्थों की पूर्ति करना था।
महिष-दशहरा पर अयोजित मोटरसाइकिल रैली केवल बंगाल या झारखण्ड में ही नहीं, बल्कि मैसूर के आस-पास भी कुछ ऐसे समुदाय रहते हैं, जो चामुंडी को उनके महान उदार राजा की हत्या के लिए दोषी ठहराते हैं। उनमें से कुछ दशहरे के दौरान महिषासुर की आत्मा के लिए प्रार्थना करते हैं। जैसा कि चामुंडेश्वरी मंदिर के मुख्य पुजारी श्रीनिवास ने मुझसे कहा कि “तमिलनाडु से कुछ लोग साल में दो बार आते हैं और महिषासुर की मूर्ति की अाराधना करते हैं”।
पिछले दो वर्षों से असुर पूरे देश में आक्रोश का मुद्दा बन रहे हैं। यदि पश्चिम बंगाल के आदिवासी लोग असुर संस्कृति पर विचार-विमर्श के लिए विशाल बैठकें कर रहे हैं, तो देश के विभिन्न विश्विद्यालयों के कैम्पसों में असुर विषय-वस्तु के इर्द-गिर्द उत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। बीते साल उस्मानिया विश्विद्यालय और काकाटिया विश्वविद्यालय के छात्रों ने ‘नरकासुर दिवस’ मनाया था। चूंकि जेएनयू के छात्रों के महिषासुर उत्सव को मानव संसाधन मंत्री (तत्कालीन) ने इतनी देशव्यापी लोकप्रियता प्रदान कर दी थी कि, मैं उसके विस्तार में नहीं जा रही हूं।
महिषासुर और अन्य असुरों के प्रति लोगों के बढ़ते आकर्षण की क्या व्याख्या की जाए? क्या केवल इतना कह करके पिंड छुडा लिया जाए कि, मिथक इतिहास नहीं होता, लोकगाथाएं भी हमारे अतीत का दस्तावेज नहीं हो सकती हैं। विजय इसकी सटीक व्याख्या करते हुए कहते हैं कि “मनुवादियों ने बहुजनों के समृद्ध सांस्कृतिक इतिहास को अपने हिसाब से तोड़ा मरोड़ा। हमें इस इतिहास पर पड़े धूल-धक्कड़ को झाडंना पडेगा, पौराणिक झूठों का पर्दाफाश करना पड़ेगा और अपने लोगों तथा अपने बच्चों को सच्चाई बतानी पडेगी। यही एकमात्र रास्ता है, जिस पर चल कर हम अपने सच्चे इतिहास के दावेदार बन सकते हैं। महिषासुर और अन्य असुरों के प्रति लोगों का बढता आकर्षण बताता है कि वास्तव में यही काम हो रहा है।


(गौरी लंकेश ने यह रिपोर्ट मूल रूप से अंग्रेजी में लिखी थी, जो वेब पोर्टल बैंगलोर मिरर में 29 फरवरी, 2016 को प्रकाशित हुई थी) साभार- हिमांशु कुमार की फेसबुक पोस्ट से.

01 नवंबर 2013

मुख्यधारा का नजरिया और किन्नर समाज

कीर्ति सुन्द्रियाल

ऐसे समाज जो शारीरिक, सामुदायिक व जीवन जीने के आधार पर अन्य भिन्नताएं रखते हैं, उनके लिए समाज में आज भी जगह बहुत कम है. अपनी पिछड़ी मानसिकताओं के कारण हम आज भी उन्हें स्वीकार नहीं कर पाए हैं. विज्ञान और रीप्रोडेक्टिव टैक्नोलॉजी के इस युग में जबकि लिंग तक भी को बदलना संभव हो गया है भारतीय समाज में अभी भी दो लिंगों (स्त्री-पुरुष) की ही स्वीकार्यता एक हद तक संभव बनती है. जबकि समाज में सामुदायिक व शारीरिक आधार पर विविधताएं मौजूद हैं. उभयलिंगी समाज या किन्नरों के लिए हमारी सोच आज भी कई  पूर्वाग्रहों से भरी हुई है. वे हमारे समाज का हिस्सा है पर उनके साथ व्यापक स्तर पर भेदभाव और घृणा है.  किन्नरों के प्रति समाज की इसी असंवेदशील रवय्यै के कारण यह तबका ऐसे कई अधिकारों से वंचित हैं जो मानव समुदाय का होने के कारण उन्हें मिलना चाहिए. उनको ध्यान में रखकर सरकार न  कोई नीति बनाती है, न  ही मुख्यधारा का समाज उन्हें अपनाता है. समाज में किन्नरों को गाली के तौर पर प्रयोग किया जाता है क्योंकि उन्हें कमतर और हीन नजरिये से देखा जाता है. इस देश के मिथकों में शिव को अर्धनारीश्वर के रूप में पूजने वाले लोग वास्तविक दुनिया के इंसान किन्नरों  को महत्वहीन समझते हैं और अपमानित करते हैं. यह भारतीय समाज का चरित्र है जो वास्तविकता को नकारते हुए प्रतीकों को महत्व देता है. ऐसे कई समाज हैं जो अपने वास्तविक स्वरूप में अपमानित हैं और प्रतीकों में पूजनीय.  लिंग वर्चस्व के आधार पर बटी इस दुनिया में किन्नरों के स्थान बहुत पीछे छूट जाते हैं. आमतौर पर महिलाओं को हाशिये की सबसे अन्तिम इकाई माना जाता है. अगर ऐसा है तो हमें किन्नरों को हाशिये के किस स्तर पर देखना चाहिए? जिस तरह वह समाज में जगह नहीं पाता उसी तरह हमारे सामाजिक सिद्धान्तों में भी जगह नहीं पाता. किन्नर आम समाज के लिए बस  कौतूहल का विषय होते हैं. उनके साथ जितनी अनदेखी और दुर्व्यवहार पुरुष करते हैं उतनी ही महिलायें भी. लिंग के वर्चस्व आधारित समाज में इनके ऊपर इन दोनों के उतपीड़न हैं. शादियों, त्यौहारों, और उत्सवों में वे मनोरंजन के साधन भर होते हैं. उन्हें देखकर लोग अपने-अपने ढंग से मनोरंजन करते हैं. अपनी दबी-ढ़की तथाकथित नैतिकता को वह उनके आने से उतार फेंकते हैं. जबकि लोगों के जीवन में रंगीनियत भरने वाले इन लोगों के लिए समाज का बर्ताव बहुत क्रूर होता है. समाज के इस तरह के व्यवहार के कारण इन लोगों का व्यवहार भी कई बार बेहद आक्रामक होता है. समाज की यही अस्वीकार्यता इनके लिए सामान्य रोजगारों को छीन लेती है और अंततः अपने सेक्सुअलिटी को ही इन्हें अपने रोजगार का जरिया बनाना होता है. इनके लिए मुख्यधारा के रोजगार व नौकरियों में कोई जगह नहीं बच पाती. अपने गाने-बजाने, तालियां पीटने और अश्लील हरकतों और इशारों से वे समाज की कुंठाओं को पूरा करते हैं. उनके मनोरंजन के तरीके समाज की उस कुंठा को भी उजागर करते हैं जो प्रायः पुरुषों में महिलाओं के प्रति भरी होती है. ज्यादातर पुरुषों की कुंठा पूर्ति ही इनका रोजगार बनती है. अपने पैदा होने के साथ ही इनके लिए समाज में प्रतिभाओं को उभारने की संभावनाएं खत्म हो जाती हैं. एक दुख भरी अंधेरी गलियों में उनकी सारी प्रतिभाएं और आकांक्षाएं खो जाती है. भारत में किन्नरों की संख्या 10 लाख के करीब बतायी जाती है. जबकि  यह बस अनुमान है हो सकता है संभव है कि  इनकी संख्या और भी ज्यादा हो. क्योंकि सरकार ने जनगणना में इन्हें अलग से शामिल करने की कभी जरूरत ही नहीं महसूस की. परन्तु इन उपेक्षाओं के आधार इनकी संख्या नहीं है बल्कि इसके कारण अन्यत्र हैं. वे कारण हमारी उत्पादन के प्रति मानसिकताओं से जुड़े हैं. हमारे समाज में जो उत्पादक नहीं है वह महत्वहीन है और अपमानित भी. ऐसी महिलाएं जो शारीरिक कारणों से बच्चे नहीं पैदा कर पाती उन्हें बांझ कहकर इसी तरह अपमानित किया जाता है. इस मानसिकता के विकास की जड़ें इतिहास में गहराई से जुड़ी हैं. 

मानव समाज के आरम्भिक दौर में जब मानव जाति के लिए प्रजनन बहुत महत्व रखता था. किन्नरों के प्रति हमारे समाज के भेदभाव के बीज उसी सभ्यता की देन लगते हैं. लेकिन मानव का जीवन लगातार सुरक्षित होता गया. समाज और विज्ञान की प्रगति के साथ-साथ प्रजनन की तकीनीकों का विकास बड़े पैमाने पर हुआ है. अब इंसानों के अस्तित्व के खतरे से मानव समाज बहुत आगे चला आया है. बावजूद इसके पुनरुत्पादन में किन्नरों की भूमिका न होने की वजह से उन्हें अब भी नकारा जाना समाज की जड़ता को दिखाता है. किन्नर समाज जहां अपने शारीरिक कारणों से अनुत्पादक है वहीं उसमे नृत्य और गायन जैसी कलाओं के उत्पादन की भरपूर संभावनाएं भी बनती हैं. जबकि सामाजिक उपेक्षाओं के कारण ये संभावनाएं खत्म हो जाती हैं. यह उनके लिए एक मजबूरी भरे रोजगार का महज जरिया भर बन पाता है. सामाजिक-राजनीति व्यवस्था अन्य उत्पादन में भी उन्हें कोई भूमिका निभाने नहीं दे रही है. किसी भी तरह की उत्पादन प्रक्रिया से काटने के लिए ही उन्हें पैदा होते ही समाज से अलग कर दिया जाता है यहीं से उनके सामाजिकीकरण भिन्न हो जाते हैं. समाज द्वारा उनका कोई हंस्तक्षेप सहन किया जाता है. जबकि वे सामाजिक जिम्मेदारियों से भी बाहर कर दिए जाते हैं तो उनके कौशल का निर्माण भी संभव नही बनता. समाज में मौजूद होते हुए भी वे जन सामान्य की व्यवहारिक भूमिका में नही होते. उनके बारे में ताली पीटने से ज्यादा की भूमिका को नहीं जाना जाता. किन्नरों के बारे में यह भी आमराय बन गयी है कि उनके पास बहुत पैसा होता है. वह भी बिना मेहनत के बस तालियां पीटने पर ही उन्हें मिल जाता है. जबकि सच्चाई कुछ और है किन्नरों के बीच काम करने वाले कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह बेहद गरीबी और अमानवीय परिस्थिति में जिन्दगी बसर करते हैं. जिस कारण यह बडे पैमाने पर वैश्यावृति का काम करते हैं. इनका न कोई परिवार होता है न ही सम्पत्ति में कोई अधिकार. ऐसे में यह एक भिन्न रिश्तों को प्रदर्शित करता हुआ समाज है. निजी रिश्ते जो कि पीढ़ीगत आधार पर बनते हैं यहां उसकी संभावनाएं बहुत कम होती हैं. ऐसे समाजों में समानताएं ज्यादा होती हैं. क्योंकि जन्म आधारित परिवार की संरचना से मुक्त हो जाते हैं. जन्म के आधार पर बनाई जाने वाली नैतिकताएं यहां नहीं बन पाती. इसलिए यह एक ऐसा समुदाय बनता है जहां इन सत्ताओं की गैर मौजूदगी में समानता का और पारंपरिक रिश्तों के बंधनों से भिन्न अपने चुनाव से रिश्ते बनते हैं. इस प्रक्रिया में सामुदायिकता बढ़ जाती है और निजी सम्पत्ति को सहेजने की जरूरतें कम ही रहती हैं. क्योंकि वहां निजी सम्पत्ति के वारिस पीढ़ी गत नहीं है. उनके बीच यथार्थ ज्यादा करीब होता है जीवन की जरूरत को पूरा करने के लिए ही सम्पत्ति की जरूरत है. इसलिए इनके बीच कोई भी सम्पत्ति ज्यादातर पूरे समाज की सम्पत्ति ही होती है. परन्तु  उत्पादन से कटे रहने की वजह से इनके मुद्दों और जीवन को कभी महत्व नहीं दिया जाता न ही इनके समाज से सीखने के प्रयास होते हैं.  समाज के अन्य हाशिये के तबकों की तरह ही इनका भी अपने अधिकारों के लिए लड़ना जारी है. जबकि सरकारी दस्तावेजों में इनके लिंग का निर्धारण ‘अन्य’ के रूप में ही हो पाया है. यह ‘अन्य’ स्त्री-पुरुष के बीच असामान्यता बोध को ही प्रकट करता है.